सारण: नियमित टीकाकरण को लेकर स्वास्थ्य विभाग की कार्यशाला, माइक्रोप्लान मजबूत बनाने पर दिया गया जोर
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को अधिक प्रभावी एवं शत-प्रतिशत सफल बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की ओर से छपरा स्थित मयूर होटल में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के चिकित्सा अधीक्षक, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर (बीपीएम) एवं ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर (बीसीपीएम) ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान नियमित टीकाकरण के लिए माइक्रोप्लान को और अधिक सशक्त एवं व्यवस्थित बनाने पर विशेष बल दिया गया।
कार्यशाला का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार चौधरी ने किया। उन्होंने कहा कि नियमित टीकाकरण सरकार की सबसे महत्वपूर्ण जनस्वास्थ्य योजनाओं में से एक है। कोरोना महामारी के दौरान यह कार्यक्रम प्रभावित हुआ था, लेकिन अब सरकार इसे पूरी गंभीरता के साथ सुदृढ़ करने में जुटी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसा माइक्रोप्लान तैयार किया जाए जिसमें लक्षित बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं की संख्या, लगाए जाने वाले टीकों का विवरण, टीकाकरण सत्रों की संख्या तथा प्रत्येक केंद्र पर वैक्सीन की उपलब्धता जैसी सभी जानकारियां स्पष्ट रूप से दर्ज हों।
सिविल सर्जन ने कहा कि सटीक एवं प्रभावी माइक्रोप्लान के माध्यम से नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को सफल बनाया जा सकता है और किसी भी लाभार्थी को टीकाकरण से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
कार्यशाला में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अधिकारियों ने भी नियमित टीकाकरण, माइक्रोप्लान की तैयारी तथा कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर बिहार प्रदेश भाषा के महासचिव सह मांझी एमओआईसी डॉ. रोहित कुमार सहित जिले के सभी एमओआईसी, चिकित्सा अधीक्षक, बीपीएम एवं बीसीपीएम उपस्थित रहे।
छपरा स्वास्थ्य विभाग, नियमित टीकाकरण, माइक्रोप्लान, मयूर होटल छपरा, सिविल सर्जन डॉ राजकुमार चौधरी, डॉ रोहित कुमार, WHO, मांझी स्वास्थ्य केंद्र, सारण स्वास्थ्य समाचार

