रेलवे ओवरब्रिज से नीचे गिरा पिता, चार मासूमों की उजड़ गई दुनिया; तेज रफ्तार बनी काल
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिले के छपरा शहर स्थित श्यामचक रेलवे ओवरब्रिज पर मंगलवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हुई बाइक पहले डिवाइडर से टकराई, जिसके बाद चालक उछलकर रेलवे ओवरब्रिज से नीचे जा गिरा। गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया। लेकिन पटना पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान रिविलगंज थाना क्षेत्र के पहिया गांव निवासी स्वर्गीय सुरेश राय के लगभग 32 वर्षीय पुत्र के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के अनुसार युवक किसी रिश्तेदार के यहां से लौटकर छपरा शहर की ओर आ रहा था। शाम के समय जैसे ही वह श्यामचक रेलवे ओवरब्रिज पर पहुंचा, उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह कई फीट उछलकर सीधे पुल के नीचे जा गिरा। हादसे में उसके सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
इस हादसे ने चार मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए छीन लिया। मृतक अपने पीछे पत्नी और चार छोटे-छोटे बच्चों—दो बेटियां और दो बेटे—को छोड़ गया है। परिवार की आर्थिक और सामाजिक जिम्मेदारी अब पूरी तरह पत्नी के कंधों पर आ गई है। घर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
सूचना मिलने पर भगवान बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिजनों को सौंप दिया। बुधवार को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार की तैयारी की गई।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने श्यामचक रेलवे ओवरब्रिज की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इस पुल पर पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं। पुल पर पर्याप्त रोशनी का अभाव, तीखे मोड़ तथा सुरक्षा बैरियर की कम ऊंचाई दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन रही है। लोगों ने प्रशासन से ओवरब्रिज पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था, मजबूत एवं ऊंचे सुरक्षा बैरियर तथा प्रभावी यातायात सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को इस तरह का असहनीय दर्द न झेलना पड़े।
छपरा सड़क हादसा, श्यामचक रेलवे ओवरब्रिज, सारण दुर्घटना, बाइक हादसा, रिविलगंज समाचार, चार बच्चों के पिता की मौत, बिहार सड़क दुर्घटना, छपरा न्यूज

