नीट पेपर मामले को लेकर प्रस्तावित छात्र प्रदर्शन एकमा में रहा बेअसर, चाक-चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था
सारण (बिहार) संवाददाता केके सिंह सेंगर: नीट पेपर मामले को लेकर शनिवार को प्रस्तावित छात्र प्रदर्शन के मद्देनजर एकमा में प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में रही। संभावित प्रदर्शन को देखते हुए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार सहित प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई। हालांकि, पूरे दिन क्षेत्र में कहीं भी प्रदर्शन या विरोध कार्यक्रम नहीं हुआ और जनजीवन सामान्य रूप से चलता रहा।
रेलवे, सड़क और बाजार की गतिविधियां शनिवार को रोजाना की तरह संचालित होती रहीं। एकमा और रसूलपुर थाना क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य राजमार्ग और छपरा-सिवान रेलखंड पर प्रदर्शनकारियों द्वारा किसी तरह का यातायात अवरोध नहीं किया गया। इस तरह प्रस्तावित छात्र आंदोलन का एकमा क्षेत्र में कोई असर देखने को नहीं मिला।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अंचलाधिकारी रवि शेखर, बीडीओ डॉ. अरुण कुमार, एसडीपीओ राजकुमार, एकमा थानाध्यक्ष रामबालक यादव और रसूलपुर थानाध्यक्ष प्रिंस राज समेत अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में लगातार गश्त और निगरानी की गई। पुलिस अधिकारियों ने संभावित संवेदनशील स्थानों पर स्थिति का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।
शाम तक क्षेत्र के किसी भी हिस्से से अप्रिय घटना, सड़क अथवा रेल यातायात बाधित होने या बाजार बंद रहने की सूचना नहीं मिली। प्रशासन की सतर्कता और चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच एकमा क्षेत्र में शनिवार का दिन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा।
इससे एक दिन पूर्व शुक्रवार को भी एकमा पुलिस अनुमंडल क्षेत्र में छपरा सदर-2 एकमा के एसडीपीओ राजकुमार के नेतृत्व में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने फ्लैग मार्च किया था। इस दौरान अधिकारियों ने आम लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की थी।
नीट पेपर मामला, एकमा छात्र प्रदर्शन, एकमा सारण, NEET Paper Protest, सारण पुलिस, एकमा पुलिस, फ्लैग मार्च, छात्र आंदोलन, बिहार समाचार

