समावेशी शिक्षा को लेकर एकमा के प्रारंभिक विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी आयोजित
सारण (बिहार) संवाददाता केके सिंह सेंगर: बिहार सरकार के शिक्षा विभाग के निर्देश एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशन में शनिवार को एकमा प्रखंड एवं नगर क्षेत्र के सभी प्रारंभिक विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का मुख्य विषय "समावेशी शिक्षा : हमारा हर बच्चा महत्वपूर्ण है" रहा। इस दौरान अभिभावकों एवं समुदाय के लोगों को गुणवत्तापूर्ण और समावेशी शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए प्रत्येक बच्चे को समान अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
प्रखंड एवं नगर क्षेत्र के मध्य विद्यालय हंसराजपुर, कन्या मध्य विद्यालय एकमा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय गौसपुर, प्राथमिक विद्यालय देवीगंज, प्राथमिक विद्यालय रामपुर, नवसृजित प्राथमिक विद्यालय रामपुर मठिया, नवसृजित प्राथमिक विद्यालय पचरुखिया, नवसृजित प्राथमिक विद्यालय उदासी बाबा के पोखरा परिसर परसागढ़, कन्या प्राथमिक विद्यालय कर्णपुरा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय आमडाड़ी, प्राथमिक विद्यालय राजापुर सहित विभिन्न विद्यालयों में संगोष्ठी आयोजित कर शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अभिभावकों के साथ चर्चा की गई।
इसी क्रम में परसागढ़ स्थित उदासी बाबा के पोखरा परिसर के नवसृजित प्राथमिक विद्यालय में प्रधान शिक्षक नीरज कुमार की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित हुआ। संसाधन शिक्षक दयाशंकर पांडेय एवं सुजीत कुमार ने अभिभावकों और समुदाय के लोगों को दिव्यांग बच्चों की आवश्यकताओं, उनकी अधिगम क्षमता एवं सीखने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए बच्चों का नियमित नामांकन, शत-प्रतिशत उपस्थिति और विद्यालय से सतत जुड़ाव बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी हितधारकों से अपील की कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और प्रत्येक बच्चे को आगे बढ़ने के लिए समान अवसर मिले।
वहीं, उत्क्रमित मध्य विद्यालय गौसपुर में प्रधानाध्यापक मंजीत कुमार तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित संगोष्ठी में शिक्षक दिग्विजय कुमार गुप्ता, योगेश कुमार सिंह, कमल कुमार सिंह, छविनाथ मांझी, सनोज कुमार मेहरा, सोनाली नंदा, अंजू कुमारी, अर्पिता कुशवाहा, राज मोहम्मद अंसारी सहित अन्य शिक्षक एवं बड़ी संख्या में अभिभावक शामिल हुए। इस अवसर पर स्टूडेंट ऑफ द मंथ एवं पेरेंट्स ऑफ द मंथ के प्रतिभागियों को उनके विशिष्ट योगदान के लिए शिक्षकों द्वारा सम्मानित किया गया।
एनपीएस उदासी बाबा के पोखरा परिसर, परसागढ़ में आयोजित संगोष्ठी में शिक्षक सुभाष यादव, उपेंद्र कुमार यादव, परमात्मा प्रसाद कुशवाहा, रीना कुमारी, सीमा कुमारी, मधू रानी, सुनीता कुमारी सहित अनेक अभिभावकों एवं समुदाय के लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान समावेशी शिक्षा को सफल बनाने में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए सभी से बच्चों की शिक्षा, नियमित उपस्थिति और विद्यालय से उनके निरंतर जुड़ाव में सहयोग करने की अपील की गई।
फोटो कैप्शन: एकमा प्रखंड के विद्यालय में आयोजित अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी में उपस्थित शिक्षक एवं अभिभावक।
एकमा समाचार, समावेशी शिक्षा, अभिभावक शिक्षक संगोष्ठी, एकमा प्रखंड विद्यालय, सारण शिक्षा समाचार, बिहार शिक्षा विभाग, दिव्यांग बच्चों की शिक्षा, Parent Teacher Meeting

