मांझी प्रखंड-अंचल कार्यालय के नए अत्याधुनिक भवन का विधायक ने किया शिलान्यास, 15 करोड़ की लागत से एक वर्ष में होगा निर्माण
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड सह अंचल कार्यालय के नए अत्याधुनिक भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास शनिवार को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। मांझी विधायक रणधीर सिंह ने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। शिलान्यास के बाद विधायक रणधीर सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से शिलापट्ट का अनावरण किया।
नए प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन का निर्माण करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा। भवन निर्माण कार्य को एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नए भवन के निर्माण से प्रखंड एवं अंचल कार्यालय से जुड़े कार्यों के लिए आने वाले आम लोगों को काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर मांझी विधायक रणधीर सिंह ने कहा कि नए भवन के निर्माण से आम लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी। एक ही परिसर में सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों के कार्यालय उपलब्ध होने से लोगों को अपने कार्यों के लिए अलग-अलग स्थानों पर भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रखंड कार्यालय दूसरे विभाग के भवन में संचालित हो रहा है, जिसके कारण लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नए भवन के निर्माण के बाद इन समस्याओं का काफी हद तक समाधान हो सकेगा।
शिलान्यास कार्यक्रम में बीडीओ उपेंद्र दास, मांझी थानाध्यक्ष विनोद कुमार, नगर पंचायत के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि बिट्टू यादव, विजय सिंह, जितेंद्र सिंह, उमाशंकर ओझा, मुन्ना सिंह, दयानंद सिंह, ओमप्रकाश सिंह, रमेश सिंह, निरंजन सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान पैक्स अध्यक्ष राजीव सिंह उर्फ गुड्डू सिंह, केशव सिंह, सुबास सिंह सहित अन्य लोगों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
मांझी प्रखंड सह अंचल कार्यालय, मांझी नया भवन, प्रखंड कार्यालय भवन शिलान्यास, रणधीर सिंह, 15 करोड़ रुपये, सारण समाचार, मांझी न्यूज

