मांझी में जदयू विधायक रणधीर सिंह ने लगाया जनता दरबार, हर शनिवार सुनी जाएंगी क्षेत्रवासियों की समस्याएं
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के मांझी विधानसभा क्षेत्र से जदयू विधायक रणधीर सिंह ने शनिवार को मांझी प्रखंड के दुमदुमा स्थित चंदन सिंह के निजी आवास पर जनता दरबार लगाकर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं कस्बों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने विधायक के समक्ष अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं।
जनता दरबार में मुख्य रूप से सड़क, बिजली, पेयजल, आवास, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राजस्व समेत विभिन्न स्थानीय समस्याओं से जुड़े मामले सामने आए। विधायक रणधीर सिंह ने बारी-बारी से सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मांझी विधानसभा क्षेत्र के विकास और आम लोगों की सुविधा के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही पात्र लाभुकों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने की दिशा में भी आवश्यक पहल की जाएगी।
जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने विधायक के समक्ष अपनी परेशानियां रखीं और उनके शीघ्र समाधान की उम्मीद जताई। इस दौरान विधायक रणधीर सिंह ने क्षेत्रवासियों को जानकारी दी कि अब प्रत्येक शनिवार को जनता दरबार आयोजित किया जाएगा, जिसमें आम लोग सीधे पहुंचकर अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। इससे लोगों को अपनी समस्याओं को जनप्रतिनिधि के समक्ष रखने और उनके समाधान के लिए संबंधित विभाग तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी।
मांझी विधायक रणधीर सिंह, जदयू विधायक जनता दरबार, मांझी विधानसभा, दुमदुमा जनता दरबार, जनसमस्या समाधान, सारण न्यूज, मांझी न्यूज

