हींग बेचने की आड़ में बस यात्रियों को बनाते थे निशाना, अंतरराज्यीय चोर गिरोह का किया पर्दाफाश
नरसिंहपुर (मध्यप्रदेश) संवाददाता राजकुमार दुबे: नरसिंहपुर जिले की गाडरवारा पुलिस ने हींग बेचने की आड़ में बस यात्रियों के बैग ब्लेड से काटकर जेवरात चोरी करने वाले अंतरराज्यीय शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 3 लाख रुपये मूल्य के 13 ग्राम सोना एवं 300 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 28 जून 2026 को गाडरवारा बस स्टैंड पर बस यात्रा के दौरान एक यात्री के बैग को ब्लेड से काटकर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए गए थे। पीड़ित की शिकायत पर थाना गाडरवारा में धारा 305(बी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया एवं एसडीओपी गाडरवारा ललित सिंह डागुर के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस ने कौड़िया रोड क्षेत्र में घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक सोने का हार, एक सोने की अंगूठी और एक चांदी का कमरबंद बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे हींग बेचने के बहाने बसों में चढ़ते थे और यात्रियों का ध्यान भटकाकर ब्लेड से बैग काटकर कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेन्द्र (35 वर्ष), सत्तू (42 वर्ष) और भूपेन्द्र सिंह (27 वर्ष) निवासी मिर्जापुर, जिला हाथरस (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी गाडरवारा निरीक्षक अशोक सिंह चौहान, उप निरीक्षक अंकित रावत, प्रधान आरक्षक रामगोपाल सिंह राजपूत तथा पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नरसिंहपुर पुलिस, गाडरवारा चोरी, अंतरराज्यीय चोर गिरोह, हींग बेचने वाले चोर, बस यात्रियों से चोरी, हाथरस गैंग, मध्यप्रदेश क्राइम न्यूज

