पीएम मातृत्व सुरक्षा योजना के 10 वर्ष पूरे, दारौंदा सीएचसी में 130 गर्भवती महिलाओं की हुई नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा योजना के दस वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गुरुवार को दारौंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 130 गर्भवती महिलाओं की व्यापक स्वास्थ्य जांच की गई तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श, जांच सुविधाएं और नि:शुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में पहुंची गर्भवती महिलाओं की सबसे पहले सर्दी, खांसी, बुखार और रक्तचाप (बीपी) की जांच की गई। इसके बाद लैब टेक्नीशियन अब्दुल जनान ने रक्त नमूने लेकर एचआईवी, हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, रक्त समूह, वजन सहित अन्य आवश्यक पैथोलॉजिकल जांचें कीं। जांच के बाद सभी लाभार्थियों को आवश्यक दवाएं भी निःशुल्क वितरित की गईं।
इस अवसर पर डॉ. मुबारक अली ने गर्भवती महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, नियमित प्रसव पूर्व जांच (एएनसी) कराने तथा बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। वहीं डॉ. रजिया सुल्ताना और डॉ. अनुपमा कुमारी ने महिलाओं को गर्मी एवं मौसम परिवर्तन के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करने तथा स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने का आग्रह किया।
लैब टेक्नीशियन अब्दुल जनान ने बताया कि सभी महिलाओं के रक्त नमूनों की जांच प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और उनकी रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध करा दी जाएगी।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य प्रबंधक जितेंद्र कुमार सिंह, डॉ. मुबारक अली, डॉ. रजिया सुल्ताना, डॉ. अनुपमा कुमारी, एएनएम जूली कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे और महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं।
दारौंदा समाचार, सीवान समाचार, प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा योजना, गर्भवती महिलाओं की जांच, दारौंदा सीएचसी, स्वास्थ्य शिविर, PMMSY, Siwan Health News, Bihar Health News

