जनगणना प्री-टेस्ट का निदेशक ने लिया जायजा, डेटा की शुद्धता और सही फीडबैक पर दिया विशेष जोर
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: जनगणना कार्य सह नागरिक निबंधन की निदेशक श्रीमती रंजीता ने गुरुवार को सारण जिले के सोनपुर नगर परिषद क्षेत्र में चल रहे जनगणना के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के प्री-टेस्ट कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने फील्ड में पहुंचकर प्रगणकों द्वारा किए जा रहे सर्वेक्षण की बारीकी से जांच की तथा डेटा की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निदेशक ने रैंडम आधार पर कई प्रगणकों द्वारा एचएलओ मोबाइल ऐप में दर्ज सूचनाओं का सत्यापन किया। वह सीधे सर्वेक्षण किए गए घरों में पहुंचीं और मकान मालिकों से परिवार के मुखिया का नाम, आयु, जन्म तिथि, पेशा, माता-पिता का नाम, जन्मस्थान, वैवाहिक स्थिति, भाषा, शिक्षा, कोविड टीकाकरण, आधार कार्ड, वोटर आईडी, मोबाइल नंबर सहित अन्य जानकारियों का मिलान ऐप में दर्ज विवरण से किया। जांच के दौरान उन्होंने कुछ आवश्यक सुधार भी सुझाए और प्रगणकों को प्रश्नों की अवधारणा (कांसेप्ट) को सही ढंग से समझकर डेटा दर्ज करने का निर्देश दिया।
निदेशक श्रीमती रंजीता ने कहा कि जनगणना का प्री-टेस्ट अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, क्योंकि इसके माध्यम से फील्ड में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों, मोबाइल ऐप में आवश्यक सुधार, प्रश्नावली में बदलाव तथा अन्य सुझावों का फीडबैक जनगणना निदेशालय को भेजा जाएगा। इससे मुख्य जनगणना कार्य शुरू होने से पहले सभी कमियों का समय रहते समाधान किया जा सकेगा।
उन्होंने प्रगणकों से बातचीत कर फील्ड में प्रश्नों के उत्तर प्राप्त करने में आने वाली समस्याओं, ऐप की कार्यक्षमता तथा एक परिवार और एक व्यक्ति की गणना में लगने वाले समय की भी जानकारी ली। साथ ही चार्ज अधिकारी सह कार्यपालक पदाधिकारी शशि कुमार को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से प्रगणकों द्वारा भरे जा रहे डेटा की गुणवत्ता और शुद्धता की जांच करें। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेकर जनजागरूकता बढ़ाने तथा आम लोगों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।
निरीक्षण के क्रम में निदेशक ने एसआरएस यूनिट में जन्म एवं मृत्यु से संबंधित बायोप्सी टेस्ट का भी सत्यापन किया। उन्होंने मृत्यु वाले परिवार से मिलकर मृत्यु के कारण एवं केस हिस्ट्री का मिलान किया, वहीं नवजात शिशु एवं गर्भधारण से जुड़े परिवारों में जाकर संबंधित अभिलेखों का भी सत्यापन किया।
इस अवसर पर जनगणना निदेशालय के उप निदेशक हेमंत कुमार, सहायक निदेशक शिवेंद्र कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अंजनी कुमार लाल, एसडीएम स्निग्धा नेहा, जिला नोडल पदाधिकारी अदिति आनंद, आयुषी कुमारी, सहायक चार्ज अधिकारी रईस अहमद, बीपीआरओ राजेश प्रसाद, सुनील कुमार, संतोष कुमार, राकेश कुमार सिन्हा सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
सारण जनगणना, छपरा समाचार, सोनपुर जनगणना प्री टेस्ट, जनगणना निदेशक रंजीता, HLO मोबाइल ऐप, Census Pre Test Bihar, Saran News, Census Survey

