शहीद इंस्पेक्टर आशीष शर्मा की स्मृति में किए गए वादे पूरे हों, परिजनों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
नरसिंहपुर (मध्यप्रदेश) संवाददाता राजकुमार दुबे: बालाघाट में नक्सल उन्मूलन अभियान के दौरान वीरगति को प्राप्त अमर शहीद इंस्पेक्टर आशीष शर्मा की स्मृति में मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं को शीघ्र पूरा करने की मांग को लेकर उनके परिजनों एवं ग्रामवासियों ने नरसिंहपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शहीद के सम्मान में खेल स्टेडियम, प्रतिमा एवं स्मृति पार्क के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराने की मांग की गई।
परिजनों ने बताया कि बोहानी निवासी इंस्पेक्टर आशीष शर्मा ने 19 नवंबर 2025 को बालाघाट में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनके अंतिम संस्कार में 20 नवंबर 2025 को मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, मंत्री उदय प्रताप सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित हुए थे। उसी दौरान मुख्यमंत्री ने शहीद की स्मृति में खेल स्टेडियम और प्रतिमा के साथ स्मृति पार्क निर्माण की घोषणा की थी।
ज्ञापन में कहा गया कि खेल स्टेडियम के लिए शासकीय राघव कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के समीप लगभग 5 से 7 एकड़ शासकीय भूमि उपलब्ध है। वहीं करेली-गाडरवारा मुख्य मार्ग पर नवोदय विद्यालय के निकट 1 से 2 एकड़ भूमि पर शहीद की प्रतिमा एवं स्मृति पार्क का निर्माण कराया जा सकता है।
शहीद के परिजनों ने कलेक्टर से आग्रह किया कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं को शीघ्र अमल में लाया जाए, ताकि अमर शहीद इंस्पेक्टर आशीष शर्मा की वीरता और बलिदान को स्थायी रूप से सम्मानित किया जा सके। उनका कहना है कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिलेगी।
शहीद आशीष शर्मा, नरसिंहपुर समाचार, बोहानी, बालाघाट नक्सल अभियान, मध्यप्रदेश समाचार, खेल स्टेडियम, शहीद स्मारक, कलेक्टर ज्ञापन

