ट्रैक्टर की रोटरी में फंसने से 12 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: दारौंदा थाना क्षेत्र के गोरौली गांव में गुरुवार की दोपहर खेत की जुताई के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। ट्रैक्टर की रोटरी में फंसने से मासूम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान गोरौली गांव निवासी सुभाष महतो के 12 वर्षीय पुत्र अनीश कुमार के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अनीश खेत में ट्रैक्टर से जुताई कराने गया था। इसी दौरान वह असंतुलित होकर ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़ा और पीछे लगी रोटरी की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। सूचना पर डायल-112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद दारौंदा थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह तथा डायल-112 के एसआई योगेंद्र तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों को पुलिस अधिकारियों ने समझाइश देकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित किया।
मृतक अनीश अपने परिवार में सबसे बड़ा था। उसके परिवार में छह वर्षीय छोटा भाई सतीश कुमार और सात वर्षीय बहन संजल कुमारी हैं। बेटे की असामयिक मौत से मां ज्योति देवी और 70 वर्षीय दादा मोहन महतो का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पिता सुभाष महतो परिवार के भरण-पोषण के लिए केरल में पेंटर का काम करते हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सिवान भेज दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।
दारौंदा समाचार, गोरौली हादसा, ट्रैक्टर रोटरी दुर्घटना, 12 वर्षीय बालक की मौत, सिवान ब्रेकिंग न्यूज, खेत में हादसा, Jagat Darshan News

