1.20 लाख रुपये रिश्वत लेते मुखिया गिरफ्तार, निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई
समस्तीपुर (बिहार): निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत राज चकबहाउद्दीन के मुखिया सियाराम राय को 1 लाख 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से स्थानीय प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, परिवादी अब्दुल मन्नान ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी कि मुखिया सियाराम राय, जो पंचायत सचिव का भी कार्य देख रहे थे, उन्हें निलंबन से मुक्त करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो द्वारा मामले का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक अमरेन्द्र प्रसाद विद्यार्थी के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया। टीम ने बुधवार को दलसिंहसराय थाना क्षेत्र स्थित गुदरीपुल के पास परिवादी अब्दुल मन्नान की श्रृंगार दुकान पर जाल बिछाया और मुखिया सियाराम राय को 1 लाख 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
निगरानी ब्यूरो ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद उसे माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की अनुसंधानात्मक कार्रवाई जारी है। ब्यूरो ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
#Samastipur #BiharNews #VigilanceBureau #BriberyCase #Corruption #BreakingNews #HindiNews #LatestNews #BiharPolice #Mukhiya

