मांझी में परिवार नियोजन जागरूकता अभियान, 50 महिलाओं ने लिया प्रशिक्षण
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी प्रखंड के मझनपुरा गांव में बुधवार को परिवार नियोजन जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। जननी संस्था के तत्वावधान में मोबियस फाउंडेशन की ‘आकार परियोजना’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं एवं आशा कार्यकर्ताओं को परिवार नियोजन के विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई।
बीसीएम विवेक कुमार की देखरेख में आयोजित अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ताओं को परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों का प्रशिक्षण दिया गया। वहीं करीब 40 से 50 महिलाओं ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर परिवार नियोजन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
जननी संस्था के जिला क्षेत्र समन्वयक पवन कुमार ने बताया कि ब्लॉक स्तर पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत महिलाओं को स्थायी एवं अस्थायी परिवार नियोजन सेवाओं की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि नसबंदी कराने वाली लाभार्थी महिलाओं को 2 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाती है, जबकि प्रेरक आशा कार्यकर्ता या सहयोगी को 300 रुपये की राशि प्रदान की जाती है। साथ ही लाभार्थियों को निःशुल्क एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराकर सुरक्षित घर तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई है।
अभियान के दौरान पवन कुमार ने घर-घर जाकर महिलाओं को अस्थायी परिवार नियोजन साधनों की जानकारी दी तथा उनका वितरण भी किया। कार्यक्रम में एएनएम नेहा कुमारी, बबली कुमारी, आशा कार्यकर्ता रेनू देवी एवं फैसिलिटेटर पूनम कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहीं।

