मांझी में टीबी मुक्त भारत अभियान को मिली मजबूती, 8 मरीजों को फूड बॉस्केट और पांच मरीजों को मिला ‘निक्षय मित्र’ का सहारा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत शनिवार को मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोहित कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में प्रखंड के आठ टीबी मरीजों को फूड बॉस्केट वितरित किए गए। साथ ही समाज के सक्षम एवं जागरूक लोगों से टीबी मरीजों को ‘निक्षय मित्र’ बनकर गोद लेने और उनके पोषण व उपचार में सहयोग करने की अपील की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. रोहित कुमार ने कहा कि टीबी एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से इलाज योग्य बीमारी है। यदि समय पर जांच, नियमित दवा और पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाए तो मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम के तहत मांझी प्रखंड के सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर टीबी की निःशुल्क जांच, दवा और उपचार की सुविधा उपलब्ध है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी, लगातार बुखार, वजन में कमी या अन्य लक्षण दिखाई दें तो वह बिना देर किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर जांच कराएं। समय पर पहचान और इलाज से टीबी पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सकता है।
डॉ. रोहित कुमार ने बताया कि निक्षय पोषण योजना (एनपीवाई) के तहत प्रत्येक टीबी मरीज के बैंक खाते में छह माह तक प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाती है, ताकि मरीज उपचार के दौरान पौष्टिक भोजन प्राप्त कर जल्द स्वस्थ हो सकें।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. रोहित कुमार ने एक मरीज, प्रखंड विकास पदाधिकारी उपेंद्र दास ने एक मरीज, डीसीएलआर ने दो मरीज, बीपीआरओ मांझी ने एक मरीज तथा सुनील सिंह ने एक टीबी मरीज को गोद लेकर उन्हें फूड बॉस्केट उपलब्ध कराया। सभी निक्षय मित्रों ने भविष्य में भी मरीजों के पोषण एवं देखभाल में सहयोग जारी रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य प्रबंधक राम मूर्ति, विवेक ब्याहुत, एएनएम, आशा कार्यकर्ता सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी, कर्मचारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
मांझी टीबी अभियान, टीबी मुक्त भारत अभियान, निक्षय मित्र, फूड बॉस्केट वितरण, मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम, सारण स्वास्थ्य समाचार, निक्षय पोषण योजना


