रामजयपाल कॉलेज में एबीवीपी का स्वच्छता एवं सकोरा अभियान, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
सारण (बिहार): अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की छपरा नगर इकाई के स्टूडेंट्स फॉर डेवलपमेंट (SFD) आयाम के तत्वावधान में शुक्रवार को रामजयपाल कॉलेज परिसर में स्वच्छता एवं "पक्षी मित्र सकोरा अभियान" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया।
अभियान के तहत परिषद के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर स्थित स्वर्गीय डॉ. हीरालाल राय के स्मृति स्थल एवं प्रतिमा की साफ-सफाई की। इसके बाद श्रद्धापूर्वक माल्यार्पण कर उनके शिक्षा, समाज और राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान को याद किया तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
स्वच्छता अभियान के उपरांत "पक्षी मित्र सकोरा अभियान" के अंतर्गत कॉलेज परिसर में विभिन्न स्थानों पर पक्षियों के लिए जल से भरे सकोरे स्थापित किए गए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करना मानवीय संवेदना और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस पहल के माध्यम से समाज को जैव विविधता के संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में विभाग संयोजक सचिन चौरसिया का विशेष प्रवास रहा। इस अवसर पर रामजयपाल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. के.के. बैठा, विभाग संगठन मंत्री सुर्यानंद राय, जिला संयोजक भास्कर कुमार, नगर मंत्री आशीष कुमार, नगर सहमंत्री शिवम, रंकित सिंह, रवि सिंह, राजेंद्र कॉलेज अध्यक्ष राकेश कुमार, नगर कार्यालय मंत्री रितिक सिंह, शशि कुमार सहित बड़ी संख्या में परिषद के कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
एबीवीपी के पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे अभियान युवाओं में सामाजिक दायित्व, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
एबीवीपी छपरा, रामजयपाल कॉलेज, स्वच्छता अभियान, सकोरा अभियान, Students For Development, पक्षी मित्र अभियान, छपरा समाचार, पर्यावरण संरक्षण, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद

