22 जून से लापता ट्रक के सह चालक का नहीं लगा सुराग, परिजनों ने ट्रक चालक पर लगाया गायब करने का आरोप
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के ताजपुर गांव निवासी 50 वर्षीय ट्रक के सह चालक तारकेश्वर साह के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर परिजनों ने गांव के ही ट्रक चालक अप्पू यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए मांझी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तारकेश्वर साह गत 22 जून 2026 को गांव के ट्रक चालक एवं कथित ट्रक मालिक अप्पू यादव के साथ खलासी के रूप में काम करने के लिए घर से निकले थे। इसके बाद से वह घर वापस नहीं लौटे हैं। परिजनों का आरोप है कि अप्पू यादव कई बार ट्रक लेकर गांव आया और वापस गया, लेकिन तारकेश्वर साह को साथ नहीं लाया। जब उनसे इस संबंध में पूछताछ की गई तो उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया और कथित रूप से गाली-गलौज करने लगे।
लापता व्यक्ति के बड़े भाई गौतम साह ने मांझी थाना में दिए गए आवेदन में बताया है कि उनके भाई के अब तक घर नहीं लौटने से पूरा परिवार चिंतित है और किसी अनहोनी की आशंका सता रही है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
परिजनों का कहना है कि तारकेश्वर साह का मोबाइल भी बंद बताया जा रहा है और उनका अब तक कोई पता नहीं चल सका है। लगातार बीतते समय के साथ परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मांझी थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मांझी समाचार, तारकेश्वर साह लापता, ताजपुर गांव, ट्रक खलासी गायब, मांझी थाना, सारण न्यूज, अप्पू यादव, लापता व्यक्ति, बिहार क्राइम न्यूज

