मांझी में जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा का शुभारंभ, परिवार नियोजन अपनाने का दिया गया संदेश
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में शनिवार को जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया। 11 से 31 जुलाई तक चलने वाले इस विशेष अभियान की शुरुआत प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोहित कुमार ने परिवार नियोजन किट वितरित कर की। इस दौरान लोगों को छोटे परिवार के महत्व और परिवार नियोजन के सुरक्षित उपायों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. रोहित कुमार ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या पर नियंत्रण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की सुरक्षा तथा समृद्ध समाज के निर्माण के लिए परिवार नियोजन की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ परिवार ही समृद्ध समाज की नींव है, इसलिए प्रत्येक दंपति को परिवार नियोजन संबंधी सेवाओं का लाभ उठाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर जागरूकता अभियान चलाएंगी। इस दौरान इच्छुक दंपतियों को परिवार नियोजन के विभिन्न सुरक्षित एवं प्रभावी साधनों की जानकारी, स्वास्थ्य परामर्श तथा आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही जन्मांतराल बनाए रखने, छोटे परिवार के लाभ और महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक परिवार नियोजन का संदेश पहुंचाना और जनसंख्या स्थिरता के लक्ष्य को सफल बनाना है। विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे इस पखवाड़े में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए परिवार नियोजन संबंधी सेवाओं का लाभ उठाएं।
मांझी जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा, विश्व जनसंख्या दिवस, परिवार नियोजन अभियान, मांझी सीएचसी, डॉ रोहित कुमार, सारण स्वास्थ्य समाचार, परिवार नियोजन जागरूकता, बिहार स्वास्थ्य विभाग

