मांझी के युवा मूर्तिकार कृष्णा सिंह ने बनाई पंचमुखी हनुमान की भव्य प्रतिमा, कला की हो रही सराहना
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के माड़ीपुर कला गांव निवासी एवं प्रसिद्ध युवा मूर्तिकार कृष्णा सिंह ने अपने घर के समीप अपनी अद्भुत कला का परिचय देते हुए पंचमुखी हनुमान जी की आकर्षक प्रतिमा का निर्माण किया है। प्रतिमा की भव्यता और बारीक शिल्पकारी को देखकर ग्रामीणों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालु भी उनकी कला की जमकर सराहना कर रहे हैं।
कृष्णा सिंह इससे पहले भी जिले के विभिन्न गांवों और धार्मिक स्थलों के लिए दर्जनों देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का निर्माण कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें मूर्ति निर्माण की प्रेरणा दशहरा के अवसर पर मां दुर्गा तथा बसंत पंचमी पर मां सरस्वती की प्रतिमाएं बनाने के दौरान मिली। लगातार अभ्यास और मेहनत के बल पर उन्होंने अपनी कला को नई पहचान दिलाई है।
इन दिनों गांव में मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा यज्ञ सह श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन चल रहा है। श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति के बीच धार्मिक कार्यक्रम भक्तिमय वातावरण में संपन्न हो रहा है। आयोजन समिति के अनुसार सोमवार को श्रीमद्भागवत कथा का समापन होगा, जबकि मंगलवार को विशाल भंडारे और पूर्णाहुति के साथ यज्ञ का विधिवत समापन किया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि कृष्णा सिंह की बनाई गई पंचमुखी हनुमान प्रतिमा गांव की धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगी। उनकी कला न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि पूरे क्षेत्र में पहचान बना रही है और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत भी बन रही है।
मांझी समाचार, माड़ीपुर कला, कृष्णा सिंह मूर्तिकार, पंचमुखी हनुमान प्रतिमा, सारण न्यूज, श्रीमद्भागवत कथा, प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ, हनुमान प्रतिमा निर्माण

