दरौंदा जनता दरबार में भूमि विवाद के 17 मामलों की सुनवाई, 13 का मौके पर हुआ निष्पादन
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: भूमि विवादों के त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान के उद्देश्य से शनिवार को दरौंदा प्रखंड स्थित अंचल कार्यालय में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान भूमि संबंधी विवाद लेकर पहुंचे 17 फरियादियों के मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें से 13 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष 4 मामलों को आवश्यक दस्तावेजों एवं तथ्यों की जांच के लिए लंबित रखते हुए संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया गया।
जनता दरबार में अंचल अधिकारी वेद प्रकाश नारायण, थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह एवं अपर थानाध्यक्ष श्री निराला की मौजूदगी में दोनों पक्षों की दलीलें सुनकर मामलों के निष्पक्ष समाधान का प्रयास किया गया। अधिकारियों ने संबंधित अभिलेखों की जांच कर कई मामलों का तत्काल निपटारा किया।
अंचल अधिकारी वेद प्रकाश नारायण ने बताया कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य भूमि विवादों का पारदर्शी, त्वरित और न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि आम लोगों को न्याय के लिए अनावश्यक भागदौड़ न करनी पड़े। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों की भी शीघ्र सुनवाई कर उनका समाधान किया जाएगा।
इस अवसर पर राजस्व कर्मचारी, डीईओ ब्रजेश राज, संबंधित फरियादी तथा अन्य स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
दरौंदा जनता दरबार, भूमि विवाद, अंचल कार्यालय दरौंदा, वेद प्रकाश नारायण, विकास कुमार सिंह, सिवान समाचार, जनता दरबार समाचार, बिहार भूमि विवाद

