साइबर सुरक्षा और 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' पर छात्रों को किया गया जागरूक, डिजिटल सुरक्षा के बताए अहम उपाय
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिला मुख्यालय स्थित छपरा शहर के गाइडलाइन करियर इंस्टीट्यूट में बुधवार को जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन (DHEW), सारण के तत्वावधान में "साइबर सुरक्षा एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ" विषयपर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देना तथा बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के निदेशक विकास जी, डीएचईडब्ल्यू की जिला समन्वयक निभा कुमारी, सत्येंद्र कुमार (एफएलएस), सुजाता (जीएस) तथा लायंस क्लब के प्रतिनिधि अली अहमद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद जिला समन्वयक निभा कुमारी ने साइबर सुरक्षा पर विस्तृत जानकारी देते हुए छात्रों को साइबर बुलिंग, ट्रोलिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल फुटप्रिंट और मजबूत पासवर्ड के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में ओटीपी, यूपीआई पिन और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए तथा अनजान लिंक और संदिग्ध संदेशों से हमेशा सतर्क रहना चाहिए।
बेटियों को शिक्षित, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाना समय की आवश्यकता : डीएचईडब्ल्यू
जिला समन्वयक निभा कुमारी ने साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन और साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। साथ ही छात्राओं को 181 महिला हेल्पलाइन की जानकारी भी दी गई। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा की जानकारी प्रत्येक युवा के लिए अनिवार्य है। बेटियों को शिक्षित, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाकर ही एक सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' योजना के उद्देश्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता पर विशेष बल देते हुए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर सत्येंद्र कुमार ने वित्तीय साक्षरता पर उपयोगी जानकारी दी, जबकि सुजाता ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। अली अहमद ने सामाजिक संस्थाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए समाज में जनजागरूकता की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने साइबर सुरक्षा से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से उत्तर दिया। अंत में संस्थान के निदेशक विकास जी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को सुरक्षित और जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।
गाइडलाइन करियर इंस्टीट्यूट छपरा, साइबर सुरक्षा जागरूकता, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, DHEW सारण, साइबर क्राइम जागरूकता, 1930 हेल्पलाइन, महिला हेल्पलाइन 181, छपरा समाचार, सारण न्यूज

