मुख्यमंत्री सहयोग शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का हुआ समाधान, कई आवेदनों का मौके पर निस्तारण
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: दरौंदा प्रखंड की रसूलपुर एवं रुकुंदीपुर पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को मुख्यमंत्री सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पहुंचे ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों ने गंभीरता से सुना और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया। वहीं, जिन आवेदनों का तत्काल समाधान संभव नहीं हो सका, उन्हें संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र निष्पादन का भरोसा ग्रामीणों को दिया गया।
शिविर में ग्रामीणों ने राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं और जनसमस्याओं से जुड़े आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त (डीडीसी) अमिताभ सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) शिम्पी कुमारी, अंचलाधिकारी (सीओ) वेद प्रकाश नारायण, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (पीओ) मनोज कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी (बीएओ) राम वीर सिंह यादव, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) सौरभ सुमन एवं थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। पंचायत प्रतिनिधियों में रसूलपुर पंचायत के मुखिया मंसूर अंसारी एवं रुकुंदीपुर पंचायत की मुखिया बबीता देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की भी सहभागिता रही।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान पंचायत स्तर पर ही त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से करने के उद्देश्य से ऐसे शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं और योजनाओं से संबंधित आवेदनों को लेकर सहयोग शिविर में पहुंचें, ताकि उनका नियमानुसार शीघ्र समाधान कराया जा सके।
मुख्यमंत्री सहयोग शिविर, दरौंदा सहयोग शिविर, रसूलपुर पंचायत, रुकुंदीपुर पंचायत, सीवान ग्रामीण समस्या, पंचायत सरकार भवन, सरकारी योजनाएं, ग्रामीण समस्याओं का समाधान

