रिश्वत लेते कनीय अभियंता और स्मार्ट मीटर कंपनी का तकनीशियन गिरफ्तार, निगरानी ब्यूरो ने की कार्रवाई
भागलपुर, 21 जुलाई 2026
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भागलपुर में 4 हजार रुपये रिश्वत लेते कनीय अभियंता अमित कुमार और स्मार्ट मीटर अधिष्ठापन कंपनी के तकनीशियन सौरभ कुमार को गिरफ्तार किया है। दोनों को कचहरी रोड स्थित कौटिल्या नॉर्थ विद्युत उपकेंद्र परिसर से रिश्वत की राशि लेते हुए पकड़ा गया।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, भागलपुर निवासी संतोष कुमार ने ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि नया बिजली कनेक्शन देने के एवज में आरोपियों द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद निगरानी थाना कांड संख्या 086/26, दिनांक 17 जुलाई 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की कार्रवाई के लिए अनुसंधानकर्ता मिथिलेश कुमार, पुलिस उपाधीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना के नेतृत्व में धावादल का गठन किया गया। धावादल ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए अमित कुमार, कनीय अभियंता, कौटिल्या नॉर्थ विद्युत उपकेंद्र, कचहरी रोड, भागलपुर तथा सौरभ कुमार, तकनीशियन, जीनस कंपनी (स्मार्ट मीटर अधिष्ठापन कंपनी) को 4 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
निगरानी ब्यूरो की ओर से बताया गया है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, भागलपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में अग्रतर अनुसंधान की कार्रवाई जारी है।
भागलपुर निगरानी ब्यूरो, रिश्वत लेते गिरफ्तार, कनीय अभियंता गिरफ्तार, स्मार्ट मीटर तकनीशियन, भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई, बिहार विजिलेंस, रिश्वतखोरी मामला

