दाउदपुर में बनेगी अमर सेनानी बाबू वीर कुंवर सिंह की भव्य आदमकद प्रतिमा, युवाओं को मिलेगी देशभक्ति की प्रेरणा
सारण (बिहार): स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी बाबू वीर कुंवर सिंह की स्मृति को चिरस्थायी बनाने की दिशा में सारण जिले के दाउदपुर स्थित बाबू वीर कुंवर सिंह चौक पर उनकी भव्य आदमकद प्रतिमा का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रतिमा निर्माण की पहल बाबू वीर कुंवर सिंह योद्धा फाउंडेशन की ओर से की जा रही है। प्रतिमा स्थापित होने के बाद यह स्थल क्षेत्रवासियों के लिए ऐतिहासिक और प्रेरणादायी केंद्र के रूप में विकसित होने की उम्मीद है।
निर्माण स्थल का जायजा लेने पहुंचे महामंडलेश्वर देवेंद्र दास जी महाराज ने कहा कि बाबू वीर कुंवर सिंह देश के गौरव और स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित होने से आने वाली पीढ़ियों को उनके अदम्य साहस, देशभक्ति और बलिदान से प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा केवल पत्थर की मूर्ति नहीं होगी, बल्कि भारतीय इतिहास, संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली विरासत की जीवंत पहचान के रूप में लोगों को प्रेरित करेगी।
उन्होंने कहा कि बाबू वीर कुंवर सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान जिस वीरता और पराक्रम का परिचय दिया, वह आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानी की स्मृति में भव्य प्रतिमा का निर्माण नई पीढ़ी को अपने इतिहास से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
इस अवसर पर महंथ ब्रजेश दास जी महाराज, रणविजय सिंह उर्फ धड़ाका सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता सुनील सिंह, संजय सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। प्रतिमा निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र में लोगों के बीच उत्साह का माहौल है और स्थानीय लोगों ने इसे बाबू वीर कुंवर सिंह के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताया है।
बाबू वीर कुंवर सिंह, दाउदपुर समाचार, सारण न्यूज, वीर कुंवर सिंह प्रतिमा, बाबू वीर कुंवर सिंह चौक, स्वतंत्रता सेनानी, बिहार समाचार, दाउदपुर में प्रतिमा निर्माण

