बिहार: 20 हजार रुपये रिश्वत लेते पंचायत रोजगार सेवक रंगेहाथ गिरफ्तार, निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई
मुजफ्फरपुर, 15 जुलाई 2026
बिहार में भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (वीआईबी) को एक बड़ी सफलता मिली है। ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने मुजफ्फरपुर जिले के सकरा प्रखंड अंतर्गत सिराजाबाद पंचायत के पंचायत रोजगार सेवक जितेन्द्र कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई निगरानी थाना कांड संख्या 083/26, दिनांक 14 जुलाई 2026 के तहत गठित विशेष धावादल द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार, सिराजाबाद पंचायत के वार्ड संख्या-11 के वार्ड सदस्य आदित्य कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी कि पंचायत रोजगार सेवक जितेन्द्र कुमार मनरेगा से संबंधित कार्य कराने के बदले 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायत प्राप्त होने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद वरीय पुलिस उपाधीक्षक विकाश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत बुधवार को सकरा थाना क्षेत्र के सभा चौक स्थित पीआर मार्ट में जाल बिछाया गया। जैसे ही पंचायत रोजगार सेवक जितेन्द्र कुमार ने परिवादी से 20 हजार रुपये रिश्वत के रूप में स्वीकार किए, निगरानी टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बताया कि पूछताछ के उपरांत आरोपी को माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में प्रस्तुत किया जाएगा तथा मामले की अग्रिम अनुसंधान प्रक्रिया जारी है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने दोहराया है कि बिहार सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और सरकारी योजनाओं में रिश्वतखोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुजफ्फरपुर रिश्वत कांड, पंचायत रोजगार सेवक गिरफ्तार, जितेन्द्र कुमार गिरफ्तार, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो बिहार, मनरेगा रिश्वत मामला, सकरा समाचार, बिहार भ्रष्टाचार, Vigilance Bureau Bihar, Muzaffarpur News

