तीसरी बार विधान परिषद सदस्य मनोनीत होने पर डॉ. संजय प्रकाश मयूख का भव्य अभिनंदन, निबंध प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राएं सम्मानित
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण्य महोत्सव-2026 की ओर से शुक्रवार को शहर स्थित सकलधारी प्रसाद आईटीआई परिसर में भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता, राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी एवं सारण्य महोत्सव के संरक्षक डॉ. संजय प्रकाश मयूख को लगातार तीसरी बार बिहार विधान परिषद का सदस्य मनोनीत होने पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े बड़ी संख्या में लोगों ने उपस्थित होकर डॉ. मयूख को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। उपस्थित वक्ताओं ने डॉ. संजय प्रकाश मयूख के सार्वजनिक जीवन, संगठनात्मक क्षमता और समाज के प्रति उनके योगदान की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि लगातार तीसरी बार बिहार विधान परिषद का सदस्य मनोनीत होना उनके कार्यों, सक्रियता और जनविश्वास का प्रमाण है। समारोह के दौरान डॉ. मयूख को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. संजय प्रकाश मयूख ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास होता है। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई के साथ नियमित रूप से खेलकूद में भाग लेने की अपील की। साथ ही अभिभावकों से बच्चों की खेल प्रतिभा को पहचानने, उनका उत्साह बढ़ाने और आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया।
डॉ. मयूख ने कहा कि वर्तमान समय में खेल के क्षेत्र में बेहतर भविष्य और रोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। सही मार्गदर्शन, कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास के माध्यम से प्रतिभाशाली बच्चे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर सकते हैं और अपने परिवार, समाज तथा देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने सारण्य महोत्सव की ओर से मिले सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए नई ऊर्जा और नई जिम्मेदारी लेकर आया है। उन्होंने समाज, शिक्षा और युवाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि सारण सहित पूरे बिहार के विकास के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे।
इस अवसर पर सारण्य महोत्सव की ओर से आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सीपीएस स्कूल के छात्र-छात्राओं को मैडल पहनाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। सारण्य महोत्सव के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश राज ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं में लेखन क्षमता, चिंतनशीलता और सामाजिक विषयों के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम का मंच संचालन सारण्य महोत्सव के महासचिव श्याम बिहारी अग्रवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन भाजपा नेता धर्मेंद्र कुमार साह ने किया। समारोह में मुख्य अतिथि भाजपा के विधान पार्षद सह सारण्य महोत्सव के संरक्षक डॉ. संजय प्रकाश मयूख, अध्यक्ष चंद्र प्रकाश राज, महासचिव श्याम बिहारी अग्रवाल, सीपीएस के डॉ. हरेंद्र सिंह, राम दयाल शर्मा, इंजीनियर ललित कुमार सिंह, भाजपा नेता धर्मेंद्र कुमार साह, वरीय पत्रकार (पटना) राकेश कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।।
डॉ. संजय प्रकाश मयूख, बिहार विधान परिषद, सारण्य महोत्सव 2026, छपरा समाचार, सारण समाचार, निबंध प्रतियोगिता, सीपीएस स्कूल छपरा, सकलधारी प्रसाद आईटीआई, भाजपा नेता, छात्र सम्मान समारोह

