सिसवन में पंचायत समिति की बैठक, अधिकारियों की अनुपस्थिति और जर्जर स्कूल भवन का मुद्दा छाया
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड मुख्यालय स्थित अंबेडकर सभागार में शुक्रवार को प्रखंड प्रमुख धर्मेंद्र साह की अध्यक्षता में पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों की अनुपस्थिति, पूर्व की बैठकों में लिए गए निर्णयों के अनुपालन, मध्यान्ह भोजन (एमडीएम), बिजली आपूर्ति, शिक्षा व्यवस्था समेत कई जनहित से जुड़े मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों ने चर्चा करते हुए संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
बैठक के दौरान रामगढ़ पंचायत समिति सदस्य नंदकिशोर सिंह ने कई विभागीय पदाधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति की बैठकों में लिए गए निर्णयों का समय-समय पर अनुपालन और उसकी समीक्षा होनी चाहिए, ताकि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों का समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने लगातार बैठकों से अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिला स्तर के वरीय अधिकारियों को पत्र भेजने की मांग की।
वहीं, भागर पंचायत के मुखिया मुन्ना कुमार पासवान ने उत्क्रमित उच्च विद्यालय भागर के जर्जर भवन और छत का मामला प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि विद्यालय भवन की स्थिति खराब होने के कारण वहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर खतरा बना हुआ है। उन्होंने संबंधित विभाग से विद्यालय भवन का शीघ्र निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कराने की मांग की, ताकि किसी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके।
बैठक में विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं को भी रखा। जनप्रतिनिधियों ने बिजली आपूर्ति की स्थिति में सुधार, विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा मध्यान्ह भोजन योजना के प्रभावी संचालन से संबंधित समस्याओं के समाधान की मांग की। बैठक में उठाए गए मुद्दों पर संबंधित अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
बैठक में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमित तिवारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार, बीपीआरओ मोहम्मद शबाब, मुखिया पप्पू सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सिसवन पंचायत समिति बैठक, सीवान समाचार, प्रखंड प्रमुख धर्मेंद्र साह, पंचायत समिति बैठक, भागर स्कूल भवन, जर्जर विद्यालय भवन, एमडीएम समस्या, बिजली आपूर्ति, सिसवन न्यूज

