मनीष कुमार के प्रेरक मार्गदर्शन से युवाओं में जागा आत्मविश्वास
सैकड़ों विद्यार्थियों ने लिया सकारात्मक जीवन और नैतिक मूल्यों का संकल्प
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: अखिल विश्व गायत्री परिवार एवं प्रांतीय युवा प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में छपरा स्थित शिल्पी चौक परिसर में आयोजित भव्य युवा जागरण एवं मोटिवेशनल सेमिनार में युवाओं को सकारात्मक जीवन, राष्ट्र निर्माण और चरित्र निर्माण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में हजारों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवा मार्गदर्शक एवं प्रेरक वक्ता मनीष कुमार ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है। यदि युवा अनुशासित, संस्कारवान और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित हों तो समाज और देश का सर्वांगीण विकास निश्चित है। उन्होंने युवाओं को समय का सदुपयोग करने, नशामुक्त जीवन अपनाने तथा शिक्षा के साथ मानवीय संवेदनाओं को विकसित करने का संदेश दिया।
उन्होंने सोशल मीडिया की अति, मोबाइल की लत, ऑनलाइन गेम्स और अनावश्यक वीडियो देखने जैसी नकारात्मक आदतों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास ही सफलता की असली कुंजी है। लगभग 33 वर्षों से युवाओं का मार्गदर्शन कर रहे मनीष कुमार ने विद्यार्थियों को आत्मबल बढ़ाने, तनाव और नकारात्मक विचारों से बाहर निकलने तथा लक्ष्य प्राप्ति के व्यावहारिक सूत्र भी बताए।
कार्यक्रम के दौरान गायत्री परिवार द्वारा संचालित सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक अभियानों की जानकारी भी दी गई। युवाओं को समाज सेवा, नैतिक जागरूकता और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को सही दिशा देने के लिए ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं। पूरा वातावरण उत्साह, ऊर्जा और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत दिखाई दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नैतिक मूल्यों, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

