मानसून से पहले अलर्ट मोड में प्रशासन, डीएम ने सबलपुर में बाढ़ सुरक्षा कार्यों का लिया जायजा
जून अंत तक सभी बाढ़ निरोधक कार्य पूरे करने का निर्देश, संवेदनशील तटबंधों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: आगामी मानसून और संभावित बाढ़ को देखते हुए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने शनिवार को सोनपुर प्रखंड अंतर्गत सबलपुर क्षेत्र का दौरा कर बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा चलाए जा रहे बाढ़ निरोधक एवं तटबंध सुरक्षा कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी एजेंसियों को कई आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि सबलपुर क्षेत्र में कुल 12 संवेदनशील स्थलों पर बाढ़ सुरक्षा कार्य कराए जाने हैं, जिनमें फिलहाल 6 स्थलों पर कार्य प्रगति पर है। इन स्थलों पर लगभग 150 मजदूर कार्यरत पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए श्रमिकों और मशीनरी की संख्या बढ़ाने तथा सभी 12 स्थलों पर एक साथ कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया, ताकि तय समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे हो सकें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि बाढ़ सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जून माह के अंत तक सभी कार्य हर हाल में पूर्ण करने का निर्देश देते हुए तटबंध के लगभग 1.8 किलोमीटर लंबे अत्यंत संवेदनशील हिस्से को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित करने को कहा।
कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल को निर्देश दिया कि संवेदक के लिए प्रतिदिन कार्य लक्ष्य निर्धारित किया जाए तथा उसकी दैनिक समीक्षा की जाए। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी, सोनपुर को आवश्यक दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति कर कार्यों की प्रतिदिन निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी भी ली। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन संभावित बाढ़ से जन-धन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कार्यपालक अभियंता को यह भी निर्देश दिया कि तटबंधों और आबादी वाले क्षेत्रों के समीप पर्याप्त मात्रा में सैंडबैग (बालू की बोरियां) तथा अन्य आवश्यक बाढ़ सुरक्षा सामग्रियों का अग्रिम भंडारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत उपयोग किया जा सके।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, सोनपुर, अंचलाधिकारी, सोनपुर, कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

