मांझी में शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, कंटेनर से 80 लाख की अंग्रेजी शराब जब्त
धान की भूसी के बीच छिपाकर लाई जा रही थी 1013 कार्टून शराब, पंजाब का चालक गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: यूपी-बिहार सीमा पर स्थित मांझी के बलिया मोड़ के समीप शनिवार की रात पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। मांझी थाना पुलिस एवं मद्य निषेध इकाई पटना द्वारा संयुक्त रूप से चलाए गए विशेष अभियान में एक कंटेनर से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने धान की भूसी के बीच छिपाकर ले जाई जा रही करीब 80 लाख रुपये मूल्य की 1013 कार्टून अंग्रेजी शराब जब्त की है।
बताया जाता है कि शनिवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर मांझी थाना पुलिस तथा मद्य निषेध इकाई पटना की टीम ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया। जांच के दौरान संदिग्ध कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें धान की भूसी के नीचे बड़े पैमाने पर शराब छिपाकर रखी गई थी। पुलिस द्वारा जब कंटेनर को पूरी तरह खंगाला गया तो शराब का भारी जखीरा देखकर सभी हैरान रह गए।
पुलिस ने मौके से कंटेनर चालक पुनमा राम को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में जानकारी मिली है कि शराब पंजाब से लोड की गई थी और बिहार में विभिन्न स्थानों पर इसकी डिलीवरी की जानी थी। बरामद शराब को थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है तथा शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।

