सारण के लाल बने यूपी आईएएस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष
गृह सचिव दीपक सिंह की उपलब्धि से मांझी क्षेत्र में खुशी की लहर
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के माँझी प्रखंड अंतर्गत गोबरही टोला निवासी एवं उत्तर प्रदेश सरकार के तेजतर्रार आईएएस अधिकारी दीपक सिंह को यूपी आईएएस एसोसिएशन का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। वर्ष 1990 बैच के यूपी कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्री सिंह वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार में गृह सचिव के पद पर कार्यरत हैं। उनकी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर गांव सहित पूरे क्षेत्र के लोगों ने गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।
बताया जाता है कि दीपक सिंह की पहली पोस्टिंग वर्ष 1991 में देवरिया जिले के सलेमपुर में एसडीएम के रूप में हुई थी। इसके बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों में जिलाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दीं। वे जीबी नगर, फिरोजाबाद, कानपुर, पौढ़ी, झांसी, अलीगढ़, गोंडा तथा उरई जैसे जिलों में डीएम रह चुके हैं। प्रशासनिक क्षमता, अनुशासन एवं कुशल नेतृत्व के कारण उनकी पहचान एक सख्त लेकिन संवेदनशील अधिकारी के रूप में रही है। जानकारी के अनुसार वे इसी वर्ष अक्टूबर माह में सेवानिवृत्त होने वाले हैं।
समाजसेवी धीरेंद्र सिंह ने दूरभाष पर बताया कि दीपक सिंह जल्द ही अपने पैतृक गांव गोबरही टोला आने वाले हैं। उनके स्वागत की तैयारी गांव में शुरू हो चुकी है तथा उनके आवास को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। वहीं अधिवक्ता दिनेश सिंह ने बताया कि दीपक सिंह ने सैनिक स्कूल झुमरी तिलैया से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की तथा बाद में दिल्ली विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा हासिल की। उन्होंने प्रथम प्रयास में ही संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण कर आईएएस बनने का गौरव प्राप्त किया था।
दीपक सिंह की इस उपलब्धि पर पूर्व मुखिया देवेंद्र सिंह, अनिल सिंह, सुनील सिंह, अरुण कुमार सिंह, हरेंद्र सिंह, नंदेश्वर सिंह उर्फ मस्ताना सिंह, राम नारायण सिंह सहित दर्जनों लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
#UPIASAssociation #DeepakSinghIAS #Manjhi #SaranNews #BiharNews #UPGovernment #IASOfficer #GobrahiTola #ChapraNews #AdministrativeService

