विश्व साइकिलिंग दिवस पर निकली भव्य साइकिल रैली, युवाओं ने दिया फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: विश्व साइकिलिंग दिवस के अवसर पर स्थानीय राजेंद्र स्टेडियम से जिला प्रशासन एवं साइकिलिंग एसोसिएशन, सारण के संयुक्त तत्वावधान में भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता तथा युवाओं को खेल एवं फिटनेस के प्रति प्रेरित करना रहा। इस दौरान शहर के युवाओं, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
रैली का शुभारंभ जिला खेल पदाधिकारी मोहम्मद शमीम अंसारी, साइकिलिंग एसोसिएशन सारण के उपाध्यक्ष संजीव चौधरी, संयुक्त सचिव अभिषेक कुमार, कोषाध्यक्ष ऋषिकेश कुमार सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा स्वयं साइकिल चलाकर किया गया। पूरे शहर में निकली इस रैली ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य किया।
इस अवसर पर साइकिलिंग एसोसिएशन सारण द्वारा जिले में आगामी साइकिलिंग प्रतियोगिता आयोजित करने की भी आधिकारिक घोषणा की गई। उपाध्यक्ष संजीव चौधरी ने कहा कि साइकिलिंग फिटनेस का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है तथा जिले में इस खेल को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
संयुक्त सचिव अभिषेक कुमार ने कहा कि साइकिलिंग केवल खेल नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेल भावना विकसित होती है और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी समाज तक पहुंचता है।
जिला खेल पदाधिकारी मोहम्मद शमीम अंसारी ने कहा कि साइकिलिंग स्वास्थ्य, अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण तीनों को बढ़ावा देती है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने और फिट रहने की अपील की। वहीं सैनिक ज्ञान स्थली के निदेशक एवं भूतपूर्व सैनिक शैलेंद्र पूरी ने कहा कि साइकिलिंग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर युवा शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बन सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान चर्चित समाजसेवी आनंद वर्मा ने कहा कि साइकिलिंग स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है और इससे आर्थिक बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है।
आयोजन को सफल बनाने में अमित कुमार, नेहा कुमारी, ऋषिकेश कुमार, अरविंद सिंह, विकास सर, रंजन जी सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं सहयोगियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। साइकिलिंग एसोसिएशन सारण के अध्यक्ष डॉ. देव कुमार सिंह के विशेष मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आयोजन समिति ने आभार व्यक्त किया।
यह रैली जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने तथा स्वस्थ एवं पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली के प्रति जनजागरूकता फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।
#WorldCyclingDay #CyclingRally #ChapraNews #SaranNews #Fitness #EnvironmentProtection #SportsNews #BiharNews #HealthyLifestyle #CyclingAssociation

