सारण: गहरे गड्ढे से महिला का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस
सारण (बिहार) संवाददाता केके सिंह सेंगर: एकमा थाना क्षेत्र के हुस्सेपुर गांव के बधार स्थित एक गहरे गड्ढे से बुधवार की देर शाम पुलिस ने एक 45 वर्षीय महिला का शव बरामद किया। मृतका की पहचान दाउदपुर थाना क्षेत्र के दाउदपुर गांव निवासी स्वर्गीय नन्हक नट की पत्नी गुल्ली देवी के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
परिजनों के अनुसार, गुल्ली देवी बुधवार को अपनी बेटी व दामाद बाजीगर नट के घर हुस्सेपुर गांव जा रही थीं। आशंका जताई जा रही है कि रास्ते में भीषण गर्मी और तेज धूप के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिससे वह अचेत होकर गहरे गड्ढे में गिर पड़ीं। गिरने के कारण उनकी मौत हो गई। देर शाम एक ग्रामीण की नजर गड्ढे में पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना एकमा थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राम बालक यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से शव को गड्ढे से बाहर निकलवाया। पुलिस के अनुसार महिला गड्ढे में मुंह के बल गिरी हुई थीं तथा उनके नाक से हल्का रक्तस्राव हो रहा था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया। थानाध्यक्ष राम बालक यादव ने बताया कि मामले में अब तक किसी प्रकार का आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटनावश मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

