मोहर्रम को लेकर सात थाना क्षेत्रों में पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
सारण (बिहार) संवाददाता केके सिंह सेंगर: मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार की शाम पुलिस अनुमंडल छपरा सदर-2 एकमा के एसडीपीओ राजकुमार के नेतृत्व में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से प्रशासन ने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।
एसडीपीओ राजकुमार के नेतृत्व में निकला यह फ्लैग मार्च एकमा, रसूलपुर, दाउदपुर, जलालपुर, बनियापुर, कोपा एवं सहजीतपुर थाना क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों, संवेदनशील स्थलों तथा ताजिया जुलूस मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में महिला और पुरुष पुलिस बल मौजूद रहे।
फ्लैग मार्च में एकमा थानाध्यक्ष रामबालक यादव, दाउदपुर थानाध्यक्ष निर्भय कुमार, रसूलपुर थानाध्यक्ष प्रिंस राज, मांझी थानाध्यक्ष बिनोद कुमार समेत सभी संबंधित थाना क्षेत्रों के थानाध्यक्ष एवं पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए।
मार्च के दौरान अधिकारियों ने आम लोगों से मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और पारंपरिक तरीके से मनाने की अपील की। साथ ही अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया।
एसडीपीओ राजकुमार ने कहा कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने, अफवाह फैलाने अथवा कानून-व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च के माध्यम से प्रशासन ने यह संदेश दिया कि पर्व के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं तथा आम नागरिकों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
एकमा में मोहर्रम पर्व को लेकर एसडीपीओ राजकुमार के नेतृत्व में सात थाना क्षेत्रों की पुलिस ने फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को शांति एवं सौहार्द का संदेश दिया।

