भरत तिवारी एनकाउंटर मामले के विरोध में एकमा में निकला कैंडल मार्च, न्याय की मांग
सारण (बिहार) संवाददाता केके सिंह सेंगर: भरत तिवारी एनकाउंटर मामले के विरोध में गुरुवार की शाम एकमा बाजार में विभिन्न समाज के लोगों, छात्र-युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर न्याय की मांग की। बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर शांतिपूर्ण ढंग से मार्च में भाग लिया और मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग उठाई।
कैंडल मार्च की शुरुआत हंसराजपुर स्थित पूर्व केंद्रीय मंत्री राम बहादुर सिंह के स्मारक स्थल से हुई। इसके बाद मार्च एकमा बाजार के प्रमुख मार्गों से होते हुए दुर्गा स्थान, स्टेशन रोड, हंसराजपुर और सोनार पट्टी के रास्ते एकमा रेलवे स्टेशन परिसर पहुंचा। पूरे मार्ग में लोगों ने न्याय के समर्थन में नारे लगाए और मामले की सच्चाई सामने लाने की मांग की।
रेलवे स्टेशन परिसर में पहुंचकर कैंडल मार्च एक नुक्कड़ सभा में तब्दील हो गया। सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जेपी सेनानी सुदामा तिवारी, भाजपा नेता अविनाश चंद्र उपाध्याय, बंटी ओझा, शिक्षक नेता मंजीत कुमार तिवारी, नीरज दुबे सहित अन्य वक्ताओं ने भरत तिवारी एनकाउंटर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि घटना की सच्चाई सामने लाने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए उच्चस्तरीय जांच आवश्यक है।
सभा में वक्ताओं ने सरकार और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कैंडल मार्च और नुक्कड़ सभा में विभिन्न सामाजिक संगठनों, छात्र-युवाओं तथा स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।

