मोहर्रम के ताजिया निर्माण स्थल पर बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, सात घायल
सारण (बिहार) संवाददाता केके सिंह सेंगर: दाउदपुर थाना क्षेत्र के जैतपुर गांव में मोहर्रम के ताजिया निर्माण स्थल के समीप दो बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने गुरुवार देर रात हिंसक रूप ले लिया। घटना में लाठी-डंडे एवं अन्य हथियारों से हुई मारपीट में सात लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल, छपरा रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार गांव में मोहर्रम को लेकर ताजिया का निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण स्थल पर जनरेटर के माध्यम से प्रकाश की व्यवस्था की गई थी। इसी दौरान दो बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के परिजन भी इसमें शामिल हो गए। कुछ ही देर में स्थिति तनावपूर्ण हो गई तथा मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों एवं अन्य हथियारों से हमला कर दूसरे पक्ष के सात लोगों को घायल कर दिया। घायलों में जैतपुर निवासी खुर्शीद आलम (40), अफरोज अली (20), रिजवान अली (22), सकीना खातून (50), सायरा खातून (70), मुन्नी खातून (45) एवं मेंहदी हसन (40) शामिल हैं।
घटना के बाद परिजनों ने सभी घायलों को इलाज के लिए एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. विवेक कुमार प्रसाद ने प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों ने तीन घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, छपरा रेफर कर दिया।
इस मामले में पीड़ित पक्ष ने दाउदपुर थाना में नामजद आरोपियों के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए अफवाहों से बचने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया है।

