टोपोलैंड मुद्दे पर ऐतिहासिक बंद: भूमि अधिकार की लड़ाई में सोनपुर की जनता एकजुट, ‘जनता कर्फ़्यू’ को मिला अभूतपूर्व समर्थन
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: टोपोलैंड संघर्ष समिति, सोनपुर के आह्वान पर सोमवार को आयोजित ‘जनता कर्फ़्यू’ को नगरवासियों का अभूतपूर्व और ऐतिहासिक समर्थन मिला। भूमि अधिकार, उचित मुआवजा, टोपोलैंड विवाद, जमीन की रजिस्ट्री पर लगी रोक, दाखिल-खारिज तथा रसीद नवीकरण जैसे जनहित के मुद्दों को लेकर बुलाए गए इस शांतिपूर्ण बंद में व्यापारियों, भू-स्वामियों, युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों ने स्वेच्छा से अपनी भागीदारी निभाई। सुबह से ही महेश्वरी चौक, रजिस्ट्री बाजार, सोनपुर मार्केट, गोला मंडी सहित नगर के प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहे। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा और आम जनजीवन भी प्रभावित दिखाई दिया। बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं को भी दुकानें बंद रहने के कारण फूल-प्रसाद एवं अन्य पूजन सामग्री खरीदने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
टोपोलैंड संघर्ष समिति के अध्यक्ष बिनोद सम्राट तथा समिति के सक्रिय सदस्यों सुधीर सिंह, बीरेंद्र शर्मा, भरत सिंह, पवन शर्मा एवं डॉ. आशुतोष कुमार ने संयुक्त रूप से कहा कि यह केवल बंद नहीं, बल्कि सोनपुर की जनता के अधिकारों, न्याय और लोकतांत्रिक चेतना का सशक्त प्रदर्शन है। उन्होंने कहा कि जनता के व्यापक समर्थन से आंदोलन को नई ऊर्जा और मजबूती मिली है। बाबा हरिहरनाथ मंदिर परिसर, गज-ग्राह चौक, शहीद महेश्वर चौक, पीएनबी बैंक चौक, रजिस्ट्री बाजार, सोनपुर स्टेशन चौक एवं गोला बाजार सहित नगर के विभिन्न क्षेत्रों में बंद का व्यापक असर देखने को मिला।
समिति के महामंत्री सह मीडिया प्रभारी डॉ. आशुतोष कुमार ने इस ऐतिहासिक सफलता के लिए सोनपुर की जागरूक जनता, व्यापारिक समुदाय, सामाजिक संगठनों तथा समिति के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही इस आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत है। समिति ने उम्मीद जताई कि सरकार एवं प्रशासन जनभावनाओं का सम्मान करते हुए टोपोलैंड विवाद तथा जमीन निबंधन से जुड़े मामलों का शीघ्र न्यायपूर्ण समाधान सुनिश्चित करेगा। इस अभियान को सफल बनाने में कुणाल सिंह चौहान, अभिमन्यु सिंह ‘टुनटुन’, जितेंद्र सिंह, अधिवक्ता नवल कुमार सिंह, चंदन कुमार सिंह, पंकज सिंह, बड़े सिंह, राहुल प्रताप सिंह एवं मनोज तिवारी सहित अनेक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही।
सोनपुर बंद, टोपोलैंड विवाद, जनता कर्फ्यू सोनपुर, भूमि अधिकार आंदोलन, जमीन रजिस्ट्री रोक, सारण समाचार, सोनपुर न्यूज, टोपोलैंड संघर्ष समिति

