गुमटी में देर रात बम विस्फोट, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर; एफएसएल और डॉग स्क्वॉड जांच में जुटे
सारण (बिहार): सारण जिले के मकेर थाना क्षेत्र के नौकारा गांव में स्थित एक गुमटी में हुए बम विस्फोट में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 27/28 जून की रात करीब 1:30 बजे सूचना मिली कि ग्राम नौकारा स्थित कच्ची पुल के समीप विनय सिंह की गुमटी में बम विस्फोट हुआ है। सूचना मिलते ही मकेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, परसा भेजा। वहां से दोनों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया। पटना ले जाने के दौरान सचिन कुमार (पिता स्व. सुरेश राय) की मौत हो गई, जबकि अखिलेश कुमार (पिता रामेश्वर राम) का इलाज अपोलो बर्न अस्पताल, पटना में जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मढ़ौरा-1 ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है तथा एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटा रही है। वहीं डॉग स्क्वॉड की सहायता से भी घटना के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।
सारण पुलिस ने बताया कि विस्फोट के कारणों और घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। दोषियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और मामले में अग्रेतर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Maker Bomb Blast, Naukara Bomb Explosion, Saran News, Makar Police, Bomb Blast Bihar, Saran SSP, FSL Investigation, Dog Squad Investigation

