मेथवलिया के पास संदिग्ध सड़क हादसे में युवक की मौत, एसआईटी गठित कर जांच में जुटी सारण पुलिस
गवाह की मौत या साजिश? गवाह पंकज राय की संदिग्ध सड़क दुर्घटना में मौत, SIT गठित!
सारण (बिहार): सारण जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मेथवलिया चौक से चनचौरा जाने वाली सड़क पर रविवार देर रात एक संदिग्ध सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए सदर अस्पताल, छपरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने पंकज राय को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल मनीष कुमार को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 28/29 जून की रात करीब 12:20 बजे गश्ती के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मेथवलिया चौक से चनचौरा जाने वाली सड़क पर एक मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में पड़ी है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां दो युवक घायल मिले। उनकी पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मेथवलिया गांव निवासी पंकज राय एवं मनीष कुमार के रूप में हुई।
घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक सारण एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-1) ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा मृतक के परिजनों से मुलाकात कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर घटना के त्वरित उद्भेदन एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया है। एसआईटी वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की गहन जांच करते हुए लगातार छापेमारी कर रही है।
प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि मृतक पंकज राय मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 336/2024 के महत्वपूर्ण गवाह थे। पुलिस के अनुसार, उक्त मामले में उनकी गवाही सुरक्षा व्यवस्था के बीच न्यायालय में कराई गई थी तथा उनकी सुरक्षा को देखते हुए नियमित पुलिस गश्ती और स्थानीय चौकीदार के माध्यम से निगरानी भी की जा रही थी। घायल मनीष कुमार से प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के आधार पर पुलिस ने दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि समाचार लिखे जाने तक इस मामले में किसी प्रकार का आवेदन अथवा फर्दबयान प्राप्त नहीं हुआ है। हालांकि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सभी संभावित पहलुओं की गंभीरता से जांच जारी है और दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी। सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में विधि-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य एवं नियंत्रण में है तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है।
मेथवलिया सड़क हादसा, पंकज राय मौत, सारण पुलिस, SIT जांच, छपरा समाचार, मुफ्फसिल थाना, सड़क दुर्घटना सारण, Bihar Crime News

