मढ़ौरा-छपरा-पटना मेमू ट्रेन के लिए सांसद रुडी ने तेज किया प्रयास, रेल मंत्री को लिखा पत्र
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रुडी ने मढ़ौरा-छपरा-पटना के बीच नियमित मेमू (MEMU) रेल सेवा शुरू कराने की दिशा में अपने प्रयास तेज कर दिए हैं। हाल ही में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ विशेष निरीक्षण ट्रेन से पटना, छपरा और मढ़ौरा की यात्रा के दौरान सांसद ने इस रेलखंड पर मेमू ट्रेन चलाने की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने कहा था कि मढ़ौरा से छपरा होते हुए पटना तक मेमू सेवा शुरू होने से हजारों दैनिक यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी और यह सारण क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जनआकांक्षा है।
अब सांसद राजीव प्रताप रुडी ने इस मांग को औपचारिक रूप देते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर मढ़ौरा-छपरा-पटना के बीच प्रतिदिन नियमित मेमू सेवा शुरू कराने का आग्रह किया है। अपने पत्र में उन्होंने 19 जून 2026 को छपरा-आनंद विहार सुपरफास्ट एक्सप्रेस के उद्घाटन समारोह का उल्लेख करते हुए कहा कि उसी अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी इस रेल सेवा की आवश्यकता से रेल मंत्री को अवगत कराया था।
सांसद ने पत्र में कहा है कि सारण प्रमंडल की लगभग एक करोड़ आबादी, विशेष रूप से विद्यार्थियों, सरकारी एवं निजी कर्मचारियों, व्यवसायियों तथा प्रतिदिन पटना आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को इस सेवा का सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा सड़क मार्ग पर बढ़ते यातायात का दबाव कम होगा और क्षेत्र के औद्योगिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
राजीव प्रताप रुडी ने रेल मंत्री से अनुरोध किया है कि पूर्वोत्तर रेलवे एवं पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधकों के बीच समन्वय स्थापित कर प्रतिदिन सुबह मढ़ौरा से छपरा होते हुए पटना तक मेमू ट्रेन का संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा शाम में उसी मार्ग से वापसी सेवा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे के विस्तार एवं जनसुविधा को प्राथमिकता देने की नीति के अनुरूप सारण क्षेत्र की यह महत्वपूर्ण मांग भी जल्द पूरी होगी।
राजीव प्रताप रुडी, मढ़ौरा छपरा पटना मेमू ट्रेन, अश्विनी वैष्णव, सारण रेलवे समाचार, MEMU Train Bihar, Marhaura Chhapra Patna Rail News, रेलवे अपडेट, छपरा न्यूज

