थावे-छपरा कचहरी रेलखंड पर चला सघन टिकट जांच अभियान, 24 बेटिकट यात्री पकड़े गए
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल द्वारा बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को थावे-छपरा कचहरी रेलखंड पर व्यापक टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न ट्रेनों में बिना टिकट एवं अनियमित टिकट पर यात्रा कर रहे 24 यात्रियों को पकड़ा गया। उनसे कुल 12,475 रुपये का जुर्माना वसूलने के बाद नियमानुसार छोड़ दिया गया।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान के नेतृत्व में यह अभियान छपरा, सिवान, जलालपुर, थावे, मशरख एवं छपरा कचहरी स्टेशनों को आधार बनाकर चलाया गया। जांच के दौरान गाड़ी संख्या 75103 छपरा-थावे डेमू, 75105 थावे-नकहा जंगल डेमू, 55036 गोरखपुर-सिवान सवारी गाड़ी तथा 55109 थावे-मशरख-छपरा कचहरी सवारी गाड़ी समेत विभिन्न ट्रेनों में किलाबंदी कर टिकटों की सघन जांच की गई।
अभियान में मुख्य वाणिज्य निरीक्षक थावे विशाल कुमार सिंह, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक सिवान प्रणव प्रभाकर, मुख्य टिकट निरीक्षक सईद अख्तर, राजेश सिंह, अमित कुमार सहित टिकट जांच कर्मचारियों एवं रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। अभियान के दौरान स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर टिकट लेने के लिए यात्रियों की लंबी कतारें भी देखने को मिलीं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान ने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, रेलवे के नियमों का पालन करें तथा ट्रेनों और स्टेशनों पर स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि बिना टिकट यात्रा करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमित रूप से सघन जांच अभियान जारी रहेगा।
Thawe ticket checking, Chapra Kachari Railway, ticketless passengers, North Eastern Railway Varanasi Division, Railway ticket checking campaign, Railway Ticket Checking, Chhapra News

