आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट जल्द जारी करने की मांग, रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन की बैठक में उठे कई मुद्दे
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन, शाखा छपरा की मासिक बैठक रविवार को शाखा अध्यक्ष ओम प्रकाश पराशर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पेंशनर्स से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा केंद्र सरकार से आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट शीघ्र जारी करने की मांग उठाई गई। साथ ही पेंशनर्स के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए शाखा अध्यक्ष ओम प्रकाश पराशर ने कहा कि पेंशनर्स के बढ़ते खर्चों को देखते हुए चिकित्सा भत्ता बढ़ाकर तीन हजार रुपये प्रतिमाह किया जाना चाहिए। उन्होंने आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट जल्द लागू करने, अंतरिम राहत की तत्काल घोषणा करने तथा 50 प्रतिशत महंगाई भत्ते को मूल वेतन में समाहित करने की मांग की। उन्होंने भीषण गर्मी और लू से बचाव के लिए पेंशनर्स को आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह भी दी तथा रेलवे बोर्ड द्वारा हाल में जारी विभिन्न नियमों एवं दिशा-निर्देशों की जानकारी साझा की।
शाखा मंत्री मिथलेश कुमार सिंह ने कर्मचारियों एवं पेंशनर्स की लंबित शिकायतों (ग्रिवांस) पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन के निरंतर प्रयासों से अनेक पेंशनर्स की समस्याओं का समाधान हुआ है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी संगठन पूरी सक्रियता के साथ पेंशनर्स के हितों की रक्षा के लिए कार्य करता रहेगा।
बैठक में मुन्द्रीका प्रसाद ने न्यूनतम वेतन 69 हजार रुपये मानते हुए उसी के अनुरूप पेंशन निर्धारण की मांग की। वहीं सुरेन्द्र सिंह ने जून माह में जन्मदिन मनाने वाले सदस्यों को जन्मदिन कार्ड एवं मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया, जिससे बैठक का माहौल आत्मीय एवं उत्साहपूर्ण हो गया। इस अवसर पर राज कुमार श्रीवास्तव, पी.के. मांझी, विभय कुमार सिन्हा, विश्व मोहन सिंह सहित अन्य सदस्यों ने भी अपने विचार रखते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा पेंशनर्स के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया।
8th Pay Commission, Railway Pensioners Association, Chhapra News, NER Pensioners, Railway Pension News, Pensioners Meeting, 8th CPC Update, Railway Employees News
#8thPayCommission #RailwayPensioners #NER #Chhapra #RailwayNews #PensionUpdate #IndianRailways #BiharNews #RetiredEmployees #PayCommission

