ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति ने 35 टीबी मरीजों को वितरित की पोषण पोटली
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश की प्रसिद्ध सामाजिक संस्था ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति की स्थानीय शाखा द्वारा गुरुवार को एक सराहनीय पहल की गई। साधनापुरी मोहल्ला स्थित संस्था के सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संस्था द्वारा गोद लिए गए 35 टीबी मरीजों को तीसरे माह की पोषण पोटली वितरित की गई। पोषाहार का वितरण संस्था की संस्थापिका डॉ. अंजू सिंह तथा सदर अस्पताल परिसर स्थित जिला यक्ष्मा केंद्र में कार्यरत वरीय यक्ष्मा पर्यवेक्षक (एसटीएस) मुकेश कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अंजू सिंह ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए समाज और सरकार के संयुक्त प्रयास बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति द्वारा सारण जिला मुख्यालय के सदर प्रखंड, शहरी क्षेत्रों तथा एकमा प्रखंड के गोद लिए गए टीबी मरीजों को लगातार छह माह तक पोषाहार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही मरीजों का नियमित फॉलोअप और उन्हें जागरूक करने का कार्य भी किया जा रहा है। संस्था द्वारा विभिन्न विद्यालयों तथा झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में भी जागरूकता अभियान चलाया जाता है ताकि लोगों को टीबी के प्रति सचेत किया जा सके।
डॉ. अंजू सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा। उन्होंने उपस्थित मरीजों और उनके परिजनों से अपील की कि वे टीबी को लेकर किसी प्रकार का भय न रखें तथा समय पर दवा का सेवन करते रहें। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में टीबी का सफल इलाज संभव है और नियमित उपचार से मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान मरीजों का वजन मापा गया तथा उनके स्वास्थ्य की प्रगति का भी आकलन किया गया।
इस अवसर पर वरीय यक्ष्मा पर्यवेक्षक (एसटीएस) मुकेश कुमार ने कहा कि सरकार टीबी उन्मूलन के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि टीबी रोगियों की पहचान, जांच और उपचार सुनिश्चित करने के लिए 100 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ट्रिपल-टी यानी ट्रेसिंग, टेस्टिंग और ट्रीटमेंट के माध्यम से टीबी संक्रमण को रोकने और इससे होने वाली मौतों में कमी लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मरीजों को अपना पूरा उपचार कोर्स समय पर पूरा करने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या सदर अस्पताल से संपर्क करने की सलाह दी।
मुकेश कुमार ने बताया कि सरकार की ओर से टीबी मरीजों को मुफ्त दवा, जांच, उपचार और डीबीटी के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है, जबकि पोषण किट उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण कार्य ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति की संस्थापिका डॉ. अंजू सिंह द्वारा वर्षों से निरंतर किया जा रहा है। कार्यक्रम में धर्मेंद्र रस्तोगी, मणि शाही, प्रीति शाही सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।

