निर्जला एकादशी पर डॉ. संजीव सिंह ने श्रद्धालुओं के बीच कराया फल व जल वितरण
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: सिसवन प्रखंड क्षेत्र के गयासपुर मठिया में निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर समाजसेवी डॉ. संजीव सिंह द्वारा श्रद्धालुओं के बीच फल एवं जल का वितरण किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और धार्मिक कार्यक्रम में भाग लिया।
डॉ. संजीव सिंह ने कहा कि निर्जला एकादशी हिंदू धर्म के सबसे महत्वपूर्ण और कठिन व्रतों में से एक मानी जाती है। एकादशी तिथि भगवान विष्णु को समर्पित होती है और इस बार यह व्रत गुरुवार के दिन पड़ने के कारण इसका महत्व और भी बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि निर्जला एकादशी को भीमसेनी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है।
उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस दिन भगवान विष्णु एवं माता लक्ष्मी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने का विशेष महत्व है। साथ ही जल, वस्त्र, घड़ा, मौसमी फल तथा पीले रंग की मिठाइयों का दान करना अत्यंत पुण्यदायी माना गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ऐसा करने से भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है, मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा व्यक्ति को पापों से मुक्ति मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को फल एवं शीतल जल का वितरण किया गया। इस अवसर पर आत्मा सिंह, जीतू सिंह, आकाश सिंह, बीरबल सिंह, धीरज सिंह सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे और धार्मिक आयोजन को सफल बनाया।

