सारण: 120 लीटर शराब के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, तीन बाइक जब्त
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 120.50 लीटर देशी एवं विदेशी शराब के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिलों को भी जब्त किया गया। कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 24 जून 2026 को रिविलगंज थाना को सूचना मिली थी कि ग्राम इनई के सामने दियारा क्षेत्र से चार व्यक्ति तीन मोटरसाइकिलों पर शराब लेकर इनई की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही रिविलगंज थाना पुलिस टीम सक्रिय हुई और इनई दियारा क्षेत्र बांध के समीप पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस ने देखा कि तीन मोटरसाइकिलों पर सवार चार व्यक्ति दियारा क्षेत्र की ओर से आ रहे हैं। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर सभी मोटरसाइकिल घुमाकर भागने लगे, लेकिन पुलिस बल की तत्परता से उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में गिरफ्तार लोगों ने अपनी पहचान अमनदीप कुमार, मुकेश कुमार, सतोष कुमार और अरविन्द कुमार के रूप में बताई। सभी आरोपी भगवानबाजार थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी हैं।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिलों पर लदे बोरों से 70 लीटर देशी शराब और 50.280 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। इस प्रकार कुल 120.50 लीटर शराब जब्त की गई। पुलिस ने शराब के साथ तीनों मोटरसाइकिलों को भी अपने कब्जे में ले लिया।
इस मामले में रिविलगंज थाना कांड संख्या 365/26, दिनांक 24 जून 2026 दर्ज करते हुए बिहार उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेजते हुए पुलिस आगे की विधिसम्मत कार्रवाई में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपितों में रतनपुरा बरादरी निवासी अमनदीप कुमार, अजायबगंज निवासी मुकेश कुमार, ब्रह्मपुर निवासी सतोष कुमार तथा अजायबगंज निवासी अरविन्द कुमार शामिल हैं। पुलिस टीम का नेतृत्व रिविलगंज थानाध्यक्ष ने किया। कार्रवाई में थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान भी शामिल रहे।

