प्रेमिका के घर के बाहर शव रखकर परिजनों का हंगामा, युवक की मौत के बाद न्याय की मांग
जनवरी में कथित मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुआ था युवक, लंबे इलाज के बाद हुई मौत; गांव में तनाव, पुलिस ने संभाला मोर्चा
सिवान (बिहार) संवाददाता सचिन कुमार: गुठनी थाना क्षेत्र के खाप जतौर गांव में बुधवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब एक युवक की मौत के बाद उसके परिजन शव को कथित प्रेमिका के घर के दरवाजे पर रखकर अंतिम संस्कार करने की जिद पर अड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे तथा काफी समझाने-बुझाने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।
मृतक की पहचान खाप जतौर गांव निवासी रमेश यादव के पुत्र आशुतोष कुमार के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि आशुतोष का गांव की एक युवती से प्रेम संबंध था। इसी विवाद को लेकर 8 जनवरी 2025 को युवती के परिजनों ने उसकी लोहे की रॉड से पिटाई कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया था।
गंभीर रूप से घायल आशुतोष का पहले गुठनी, फिर सीवान, गोरखपुर और बाद में लखनऊ में इलाज कराया गया। लंबे समय तक कोमा में रहने के बाद बुधवार को उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता रमेश यादव ने आरोप लगाया कि मोबाइल रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उन्होंने युवती एवं उसके परिजनों के खिलाफ कई बार आवेदन दिया तथा स्थानीय पुलिस से लेकर उच्च अधिकारियों तक न्याय की गुहार लगाई, लेकिन आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई।
आशुतोष की मौत के बाद आक्रोशित परिजन शव लेकर युवती के घर पहुंच गए और वहीं अंतिम संस्कार करने की मांग करने लगे। इस घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हस्तक्षेप किया। काफी मशक्कत के बाद परिजन शांत हुए, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
गुठनी थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रेमिका के घर के बाहर शव रखकर हंगामा, युवक की मौत के बाद परिजनों ने की न्याय की मांग। सीवान के गुठनी थाना क्षेत्र में युवक की मौत के बाद परिजनों ने कथित प्रेमिका के घर के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

