बीपीएससी शिक्षकों के बकाया भुगतान को लेकर टीडीआरए प्रतिनिधिमंडल ने डीपीओ (स्थापना) से की मुलाकात
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: बीपीएससी टीआरई-1, टीआरई-2 एवं टीआरई-3 के शिक्षकों के मूल वेतन और महंगाई भत्ते (डीए) से संबंधित लंबित बकाया भुगतान को लेकर बुधवार को टीडीआरए (टीचर्स डेवलपमेंट एंड राइट्स एसोसिएशन) के प्रतिनिधिमंडल ने सारण के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) धनंजय पासवान से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों की समस्याओं को विस्तारपूर्वक रखते हुए शीघ्र बकाया भुगतान की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में टीडीआरए अध्यक्ष कुमार मृणाभ, शिक्षक नेता नवीन कुमार सिंह, अभिषेक कुमार सिंह सहित अन्य शिक्षक प्रतिनिधि शामिल थे। इस दौरान शिक्षकों के वेतन भुगतान में हो रही देरी से उत्पन्न परेशानियों से डीपीओ को अवगत कराया गया। प्रतिनिधियों ने कहा कि लंबे समय से लंबित भुगतान के कारण शिक्षकों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) धनंजय पासवान ने सकारात्मक पहल करते हुए बकाया भुगतान प्रक्रिया को तत्काल शुरू कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के मूल वेतन एवं महंगाई भत्ते से संबंधित लंबित राशि के भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर ली जाएगी।
डीपीओ के संवेदनशील रवैये और त्वरित कार्रवाई से शिक्षकों में उम्मीद जगी है। टीडीआरए ने जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के सहयोगात्मक दृष्टिकोण और प्रभावी पहल के लिए आभार व्यक्त किया।
टीडीआरए अध्यक्ष कुमार मृणाभ ने कहा कि संगठन लगातार शिक्षकों के अधिकारों और समस्याओं के समाधान के लिए संघर्षरत है तथा भविष्य में भी शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा। वहीं शिक्षक नेता नवीन कुमार सिंह ने कहा कि संगठन की प्राथमिकता शिक्षकों की समस्याओं को सक्षम प्राधिकार तक पहुंचाकर उनका जल्द समाधान कराना है।
BPSC TRE News, TRE 1 Teacher Salary, TRE 2 Pending Payment, TRE 3 DA Payment, TDRA Saran, Chhapra Teacher News, Bihar Teacher Salary News, DPO Establishment Saran, Bihar Education News, Teacher Pending Salary

