सात निश्चय-3 के तहत सारण के सभी प्रखंडों में खुलेगा डिग्री कॉलेज, 1 जुलाई से शुरू होगा संचालन
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: बिहार सरकार के सात निश्चय-3 कार्यक्रम के तहत सारण जिले के डिग्री कॉलेज विहीन सभी प्रखंडों में आगामी 1 जुलाई 2026 से डिग्री कॉलेजों का संचालन शुरू किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण योजना को लेकर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि सारण जिले के 11 प्रखंडों में पहले से डिग्री कॉलेज संचालित हैं, जबकि शेष 9 प्रखंडों — तरैया, मकेर, एकमा, दरियापुर, मढ़ौरा, मशरख, लहलादपुर, पानापुर एवं इसुआपुर — में नए डिग्री कॉलेजों का संचालन शुरू करने की तैयारी तेज कर दी गई है। सरकार की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़े और उन्हें अपने ही प्रखंड में कॉलेज की सुविधा उपलब्ध हो सके।
तात्कालिक व्यवस्था के तहत चयनित विद्यालय भवनों में अस्थायी रूप से पठन-पाठन शुरू कराया जाएगा। इसके लिए संबंधित विद्यालयों के कमरों को चिन्हित कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन (LAEO) एवं भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि वे दो दिनों के भीतर आवश्यक मरम्मत एवं बुनियादी सुविधाओं का प्राक्कलन तैयार कर कार्य प्रारंभ करें।
बैठक में भवनों की मरम्मत, रंग-रोगन, छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय, शुद्ध पेयजल, बिजली वायरिंग सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि 20 जून 2026 तक सभी आवश्यक कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि समय पर शैक्षणिक सत्र शुरू किया जा सके।
उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO) एवं वरीय प्रभारी अधिकारियों को प्रतिदिन कार्यों की मॉनिटरिंग करने और नियमित प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, निदेशक एनईपी, भवन निर्माण विभाग एवं LAEO के कार्यपालक अभियंता सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं सभी संबंधित प्रखंडों के बीडीओ एवं अंचलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
Saran Degree College, Seven Nischay 3 Bihar, Saran News, Bihar College News, Chhapra News, New Degree College Bihar, Bihar Education News, Vaibhav Srivastava, Saran DM News, Bihar Government Scheme

