दहेज में मिली बाइक बनी काल, शादी का कार्ड बांटने जा रही महिला की सड़क हादसे में मौत
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के माँझी थाना क्षेत्र के सोनबरसा बीन टोली गांव में उस समय मातम पसर गया जब शादी की खुशियां अचानक गम में बदल गईं। परिवार में होने वाली शादी की तैयारी के बीच एक सड़क हादसे में महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान उमरावती देवी (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अपने पति सुनील बीन और देवर शिव शंकर बीन के साथ बाइक पर सवार होकर दूल्हे के मामा के घर अवतार नगर शादी का कार्ड देने जा रही थीं।
बताया जाता है कि डोरीगंज के समीप उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में उमरावती देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतका अपने देवर भुअर बीन की शादी की तैयारियों में जुटी हुई थीं। भुअर बीन का तिलकोत्सव 19 जून को तथा विवाह समारोह 23 जून को प्रस्तावित था। जिस बाइक से परिवार शादी का कार्ड बांटने जा रहा था, वह बाइक दहेज में मिली बताई जा रही है। शादी की खुशियों के बीच हुए इस हादसे ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया।
उमरावती देवी अपने पीछे दो पुत्र और तीन पुत्रियों को छोड़ गई हैं। पोस्टमार्टम के बाद उनका अंतिम संस्कार माँझी श्मशान घाट पर किया गया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और हर किसी की जुबान पर इस दर्दनाक हादसे की चर्चा है।
Saran Road Accident, Majhi News, Sonbarsa Bin Toli, Doriganj Accident, Woman Death News, Bihar Accident News, Chhapra News, Avtar Nagar, Wedding Card Accident, Truck Collision Bihar

