रामनाम से गुंजायमान हुआ ग्यासपुर धाम, महायज्ञ में पहुंचे महामंडलेश्वर गोपाल दास जी महाराज
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के सरयू तट ग्यासपुर स्थित ब्रह्मर्षि साहेब बाबा धाम में आयोजित नौ दिवसीय श्री सीता राम महायज्ञ का आध्यात्मिक माहौल दिन-प्रतिदिन और अधिक भक्तिमय होता जा रहा है। महायज्ञ में शामिल होने के लिए भेट द्वारिका स्थित राम झरोखा मंदिर के पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर गोपाल दास जी महाराज धाम पहुंचे, जहां संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चारण, पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। पूरे धाम परिसर में जय श्रीराम और जय साहेब बाबा के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर आचार्य पंडित संतोष द्विवेदी, पंडित विनीत तिवारी, महंत ब्रजेश दास जी महाराज, माँ जगत जननी धाम के पीठाधीश्वर श्री श्री 108 महंत पं. रामपूजन दास जी महाराज सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और लोगों ने संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
अपने संबोधन में महामंडलेश्वर गोपाल दास जी महाराज ने कहा कि जहां राम नाम का स्मरण होता है, वहीं शांति और सद्भाव का वास होता है। उन्होंने कहा कि ग्यासपुर धाम भक्ति, सेवा और सनातन संस्कृति का जीवंत केंद्र बन चुका है। सीता-राम के नाम में ही विश्व कल्याण की शक्ति निहित है और ऐसे महायज्ञ समाज में प्रेम, त्याग और धर्म के संस्कारों को मजबूत करते हैं। उन्होंने युवाओं से भारतीय संस्कृति और धर्म से जुड़ने का आह्वान भी किया।
वहीं पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर देवेंद्र दास जी महाराज ने कहा कि गोपाल दास जी महाराज जैसे संतों का आगमन धाम के लिए सौभाग्य की बात है। यह महायज्ञ लोकमंगल और धर्म जागरण का संकल्प है। राम-नाम की महिमा से ही मनुष्य का कल्याण संभव है और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
दोनों संतों के प्रेरणादायक उद्बोधन से पूरा पंडाल राममय हो गया। श्रद्धालुओं ने जय सियाराम और जय श्री साहेब बाबा के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। महायज्ञ में प्रतिदिन कथा, हवन, पूजन और विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
ग्यासपुर महायज्ञ, ब्रह्मर्षि साहेब बाबा धाम, सिसवन समाचार, श्री सीता राम महायज्ञ, गोपाल दास जी महाराज, सरयू तट ग्यासपुर, सनातन संस्कृति, राम झरोखा मंदिर, सारण धार्मिक समाचार, बिहार धार्मिक आयोजन
#Gyaaspur #Siswan #SaranNews #Mahayagya #SitaRamMahagya #SanatanDharma #BrahmarshiSahabBaba #GopalDasMaharaj #ReligiousNews #BiharNews

