सारण: अनियंत्रित होकर नाले में पलटी ऑटो, आठ यात्री घायल
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले में छपरा-सिवान मुख्य मार्ग एनएच-531 पर सोनिया गांव के समीप शनिवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। छपरा स्टेशन से सवारी लेकर एकमा की ओर जा रही एक ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने नाले और बिना रेलिंग वाली पुलिया में पलट गई। हादसे में ऑटो पर सवार करीब आठ यात्री घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना शनिवार की सुबह करीब चार बजे की है। बताया जाता है कि बनवार ओवरब्रिज पार करने के बाद जैसे ही ऑटो सोनिया गांव के समीप पहुंची, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ऑटो सड़क किनारे नाले में पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को बाहर निकालकर दूसरे वाहन से इलाज के लिए एकमा भेजा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना के बाद कई यात्रियों ने निजी स्तर पर उपचार कराया और अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। वहीं समाचार लिखे जाने तक दुर्घटनाग्रस्त ऑटो घटनास्थल पर ही नाले में पड़ी हुई थी।
ग्रामीणों ने सड़क किनारे सुरक्षा व्यवस्था और पुलिया पर रेलिंग नहीं होने को दुर्घटना का बड़ा कारण बताया है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन सुरक्षा को लेकर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
Saran News, Chhapra Siwan Road Accident, Sonia Village Accident, Auto Overturn News, Ekma News, Bihar Road Accident, NH 531 Accident, Saran Breaking News

